राहुल को काले झंडे व काले गुब्बारे दिखाये गए, पुलिस ने भांजी लाठियां

rahul lko18 feb

lucknow18febलखनऊ। उप्र कांग्रेस कमेटी में आयोजित दलित नेतृत्व विकास कॉन्क्लेव में हिस्सा लेने लखनऊ पहुंचे राहुल गांधी को एयरपोर्ट से नेहरू भवन के रास्ते में कई जगह काले झंडे दिखाये गए। कांग्रेस उपाध्यक्ष को काले झण्डे, काले गुब्बारे के साथ राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर भी लहराये गए। शिवसेना भी राहुल के लखनऊ दौरे का विरोध कर रही थी। पकरी के पुल पर भाजपा व कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में टकराव हो गया। दोनों पक्षों में हो रहे पथराव को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस प्रशासन ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया और कृष्णानगर थाने ले आये। जिन्हे बाद में छोड़ दिया गया।
भाजपा महिला मोर्चा ने राहुल गांधी की बुद्धि शुद्धि के लिये हवन किया गया। अनेकों कार्यकर्ताओं ने आहुति देकर कांग्रेस के उपाध्यक्ष की बुद्धि शुद्ध करने की ईश्वर से प्रार्थना की। महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने जेएनयू के देश विरोधी छात्रों को समर्थन करके यह साबित कर दिया कि उन्हें भी देश की विचारधारा पर भरोसा नही है। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कई स्थानों पर काले झण्डे दिखाये गये। अमौसी एयरपोर्ट, कृष्णानगर थाने, अवध अस्पताल पर कार्यकर्ताओं की टोलियों ने राहुल का पुरजोर तरीके से विरोध किया और काले झण्डे दिखाकर लखनऊ से वापस जाने की नारे बाजी की। लखनऊ युवा मोर्चा अध्यक्ष टिंकू सोनकर के नेतृत्व में भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पकरी के पुल पर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को काले झण्डे दिखाये। अभिजात मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के बयान पर पूरे देश के नौजवानों में विरोध का माहौल है। जेएनयू में कन्हैया के साथ कई छात्रों ने अफजल और पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाकर देश विरोधी कार्य
किया है और भाजपा इसका पुरजोर विरोध आने वाले समय में भी करती रहेगी।