मोदी बोले: बीजेपी में जनता का बढ़ा विश्वास

Narendra_Modi_नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा चुनाव नतीजों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति जनता का विश्वास बढऩे का प्रतीक बताते हुए कहा कि देशवासी विकास और आम आदमी के जीवन में बदलाव लाने की पार्टी की विचारधारा को समर्थन दे रहे हैं। चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि आज के नतीजे भाजपा तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक हैं। इससे साबित होता है कि भाजपा को तेज गति से देश के सभी क्षेत्रों में स्वीकृति मिल रही है और यह लोकतंत्र के लिए बहुत उत्तम है।
उन्होंने पार्टी को समर्थन देने के लिए इन राज्यों के मतदाताओं का आभार व्यक्त किया और उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, लोगों ने इन चुनाव में भाजपा पर और विश्वास जताया है। उन्होंने भाजपा की विकास की विचारधारा और आम आदमी के जीवन में बदलाव लाने के उसके संकल्प को स्वीकार किया है और समर्थन दिया है। इससे हमें गरीब और आम आदमी के जीवन में सुधार लाने के लिए और अधिक उत्साह तथा ऊर्जा मिलेगी। हम इसके लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
मोदी ने कहा कि असम में भाजपा की सरकार बनने से कई लोगों को वैसा ही आश्चर्य हुआ है जैसे जम्मू कश्मीर में उसके सरकार में हिस्सेदार बनने पर हुआ था। प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच राज्यों में मतदाताओं ने उमंग और उत्साह के साथ भारी मतदान किया था और कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण रहा था। उन्होंने जीत के लिए पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, इन प्रदेशों के अध्यक्षों तथा लाखों कार्यकर्ताओं को भी बधाई दी।