सपा की सूची में भाजपाई बागी भी

samajwadi-partyलखनऊ। सपा ने शुक्रवार को 10 विधानसभा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इसमें कुछ हारे हुए तो कुछ पुराने प्रत्याशियों को फिर मौका दिया गया है। इस तरह पार्टी कुल 403 में से अब तक 156 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों को बताया कि सहारनपुर में देवबंद विधानसभा सीट से मीना राणा को प्रत्याशी बनाया गया है। राणा दिवगंत मंत्री राजेन्द्र सिंह राणा की पत्नी हैं। हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में वह सपा के टिकट पर चुनाव लडी थीं मगर उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। गौतमबुद्धनगर की जेवर सीट से वेवन नागर पार्टी प्रत्याशी होंगे।
मथुरा विधानसभा क्षेत्र से डॉ. अशोक अग्रवाल, आगरा ग्रामीण सीट से राकेश बघेल, बरेली के मीरगंज क्षेत्र से हाजी जाहिद हुसैन उर्फ गुड्डू, झांसी के बबीना से श्याम सुंदर यादव को टिकट दिया गया है। यादव विधानपरिषद में सपा के सदस्य रह चुके हैं। वह पिछले दिनों सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे, जबकि आज ही उन्होंने सपा की सदस्यता फिर से हासिल की है। इसके अलावा झांसी नगर से दीपमाला कुशवाहा को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
यादव ने बताया कि गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र में पूर्व घोषित प्रत्याशी जफर अमीन डक्कू के स्थान पर अब विजय बहादुर यादव सपा के टिकट पर चुनाव लडेंगे। श्री यादव भाजपा के विधायक हैं। गत 11 जून को राज्यसभा चुनाव में क्रास वोङ्क्षटग करने की वजह से पार्टी ने इन्हें निष्कासित कर दिया था।
देवरिया सीट से विजय प्रताप यादव को प्रत्याशी घोषित किया गया है। यादव पूर्व विधान परिषद सदस्य रामनगीना यादव के पुत्र है। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर की मझंवा सीट से प्रभावती यादव सपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में होंगी जबकि सोनभद्र की दुद्धी सीट से मौजूदा विधायक रूबी प्रसाद को फिर से टिकट दिया गया है।