देशभर में ईद की धूम: अमन-चैन की मांगी दुआ

lucknow eidनई दिल्ली। ईद का चांद नजर आने के बाद आज देशभर में ईद की नमाज अदा की जा रही है। मुस्लिम समाज के लोग एक दूसरे के गले मिलकर ईद-उल-फितर की बधाई दे रहे हैं। देशभर में ईद को लेकर कई नेताओं ने भी शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को फोन कर ईद की बधाई दी है। साथ ही पीएम मोदी ने हार्ट सर्जरी के बाद नवाज शरीफ के बेहतर स्वास्थ्य की भी कामना की है।
दिल्ली में जामा मस्जिद पर हजारों की तादाद में लोग ईद की नमाज अदा करने के लिए जुटे। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने ईद-उल-फितर के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाई-बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने अपने बधाई सन्देश में सभी लोगों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा है कि ईद का पर्व गरीबों तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहने की नई शुरुआत की प्रेरणा देता है। सीएम अखिलेश यादव ने भी ईद पर बधाई दी है।
पूरे जम्मू एवं कश्मीर राज्य में बुधवार को ही हजारों मुसलमानों ने ईद-उल-फितर की नमाज अदा कर रमजान के पाक महीने का समापन किया। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में ईदगाह, हजरतबल, पोलो ग्राउंड एवं अन्य जगहों पर ईद की नमाज अता की गई।कश्मीर घाटी के बारामूला, सोपोर, गांदेरबल, बांदीपुरा, पुलवामा, शोपियां, कुलगाम, अनंतनाग और शोपियां नगरों में भी कमोबेश कुछ ऐसा ही हुजुम दिखा।राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती और पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में डल झील के किनारे हजरत श्राइन में बाकी नमाजियों के साथ ईद की नमाज अता की।