अखिलेश बोले: अमेरिका में नीति और विचारधारा की राजनीति

cm29 julyलखनऊ। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बड़े सपने को साकार करने के लिए सच और साहस के साथ प्रयास करना जरूरी है। श्री यादव आज यहां अपने सरकारी आवास पर वरिष्ठ पत्रकार श्री वासिंद्र मिश्र की पुस्तकों ‘सच के मुक़ाबिलÓ तथा ‘एनकाउंटर विद पॉलिटिक्सÓ का विमोचन करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के परिप्रेक्ष्य में वहां की राजनीति की तुलना भारतीय राजनीति से करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका में नीति और विचारधारा की राजनीति होती है। इसके विपरीत देश में घटनाओं पर राजनीति की जाती है। कभी-कभी घटनाओं का निचोड़ भी निकाला जाता है। उन्होंने कहा कि बेहतर करने के लिए प्रतिस्पर्धी भाव का विकास एक सकारात्मक कदम है। विभिन्न राज्य श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए कॉम्पटीशन करते हैं, जिसका अन्ततोगत्वा लाभ जनता को मिलता है।
लेखन कार्य के लिए श्री वासिंद्र मिश्र के प्रयासों की सराहना करते हुए श्री यादव ने उम्मीद जतायी कि ये पुस्तकें राजनेताओं सहित सार्वजनिक जीवन में सक्रिय सभी लोगों के लिए उपयोगी साबित होंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की राजनीति की दिशा और दशा तय करता है। इसलिए इस राज्य पर सभी की नजर रहती है। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर राज्य की स्थिति विभिन्न राज्यों से अच्छी बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘1090Ó विमेन पावर लाइन ने महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को बढ़ाने का काम किया है। इस सेवा से मदद पाने वाली 03 लाख से ज्यादा महिलाओं से इस बात की पुष्टि कोई भी व्यक्ति कर सकता है।
उत्तर प्रदेश भाषा संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष एवं लोकप्रिय कवि श्री गोपालदास ‘नीरजÓ ने पुस्तकों के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि व्यक्ति के पास किताबें हैं, तो उसके पास जीवन है। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति श्री बिन्दा प्रसाद मिश्र ने कहा कि शिक्षा को महत्व देना प्रत्येक बुद्धिजीवी एवं मनीषी का सर्वोपरि दायित्व है।
पूर्व न्यायाधीश श्री सी0बी0 पाण्डेय ने इस अवसर पर कहा कि जिम्मेदारी के पदों पर बैठे लोगों को सच को ताकत देनी चाहिए। उन्होंने लोकतंत्र में आलोचक को सम्मान देने की विलुप्त परम्परा को पुनर्जीवित करने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की।
वरिष्ठ पत्रकार श्री के0 विक्रम राव ने कहा कि पत्रकार का लेखन आने वाली पीढिय़ों के लिए दस्तावेज की भूमिका निभाता है। उन्होंने यह भी कहा कि अच्छा पत्रकार बनने के लिए एक से अधिक भाषा का ज्ञान जरूरी है। कम्युनिस्ट नेता श्री अतुल कुमार अंजान ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आजादी में उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान है।
इससे पूर्व, अतिथियों का स्वागत करते हुए श्री वासिंद्र मिश्र ने कहा कि पिछले 4-5 साल के अपने विचारों को उन्होंने इन पुस्तकों में शामिल किया है। इनमें क्षेत्रीय, राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय घटनाएं तथा सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न मुद्दे सम्मिलित हैं।