आनंदीबेन का इस्तीफा मंजूर: शाह नहीं बनेंगे सीएम

amit shahनई दिल्ली। आनंदीबेन पटेल का गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा मंजूर कर लिया है। संसदीय बोर्ड की बैठक में इस्तीफा मंजूर हुआ। बैठक में उनके उत्तराधिकारी के नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई। आनंदी बेन पटेल अब राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेगी। वरिष्ठ भाजपा नेता और केन्द्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने यह जानकारी दी। नायडू ने स्पष्ट कर दिया कि अमित शाह गुजरात के मुख्यमंत्री नहीं होंगे। उन्होंने कहा,अमित शाह पार्टी अध्यक्ष हैं और वो बनें रहेंगे।
भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई। नायडू ने कहा कि गुजरात के अगले मुख्यमंत्री का फैसला विधायक दल की बैठक में होगा। विधायक दल की बैठक के लिए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सरोज पांडे गुजरात जाएंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष विजय रुपाणाी का नाम सबसे आगे है। कहा जा रहा है कि किसी ऐसे नेता को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी जाएगी जो मजबूती से विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिला सके।
नितिन पटेल पार्टी में वरिष्ठ होने के साथ साथ पटेल समाज के भी नेता हैं। गुजरात में 40 फीसदी पटेल मतदाता हैं। ऐसे में नितिन पटेल की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। नितिन पटेल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विश्वासपात्र हैं और गुजरात में मोदी के मुख्यमंत्री रहते नितिन पटेल मंत्री के तौर पर काम कर चुके हैं। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में अगला नाम प्रदेश सरकार में मंत्री सौरभ पटेल का है। वो रिलायंस परिवार के दामादा और उद्योगों के चहेते हैं लेकिन यह बात उनके खिलाफ जाकर उन्हें मुख्यमंत्री पद की कुर्सी से दूर कर सकती है क्योंकि पीएम मोदी अपने विरोधियों को यह कहने का मौका नहीं देंगे कि सौरभ के जरिए गुजरात सरकार रिलायंस इंडस्ट्री चला रही है।
केन्द्रीय मंत्री और सांसद पुरुषोत्तम रूपाला का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में चल रहा है। वो भी पटेल समाज से आते हैं लेकिन उन्होंने हाल ही में केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में शामिल किया गया है। गैर पटेल नेता और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष विजय रुपाणी का नाम चर्चा में है। रूपाणी गुजरात भाजपा के अध्यक्ष और मंत्रिमंडल के सदस्य हैं। रुपाणी से पहले कोई भी प्रदेश अध्यक्ष मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं रहा है। उन्हें अमित शाह का करीबी माना जाता है। अगर अमित शाह की पसंद को तरजीह दी गई तो रूपाणी का मुख्यमंत्री बनना तय है। नए सीएम के लिए सुरेन्द्र पटेल के नाम की भी चर्चा है। सुरेंद्र पटेल गुजरात भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। एक समय वो नरेन्द्र मोदी के करीबी माने जाते थे। भाजपा का कोषाध्यक्ष होने के नाते उनके बिल्डरों के साथ करीबी संबंध रहे हैं।