गुजरात: आज तय होगा कौन बनेगा सीएम

amit_shahअहमदाबाद। आनंदी बेन पटेल के गुजरात मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद नए मुख्यमंत्री की खोज के लिए अमित शाह गुजरात में डटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि गुजरात के नए मुख्यमंत्री की घोषणा शुक्रवार को हो जाएगी। इससे पहले गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उम्मीदवार के चुनाव के लिए पार्टी नेताओं के साथ गहन बैठक की। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नितिन पटेल गुजरात के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं।
भाजपा संसदीय बोर्ड ने दिल्ली में बुधवार को हुई बैठक में मुख्यमंत्री पद से आनंदी बेन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। इसके साथ ही नए मुख्यमंत्री की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है जो 2017 विधानसभा चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करेगा। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष और प्रदेश के परिवहन मंत्री विजय रूपानी ने कहा कि शुक्रवार शाम गांधीनगर स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के विधायकों और पदाधिकारियों की बैठक होगी और वहीं नए मुख्यमंत्री की घोषणा होगी।