गुस्साए मुलायम ने पूछा: जमीनों पर कब्जा कब होगा बंद

Mulayam 11 octलखनऊ। समाजवादी पार्टी के निरंकुश कार्यकर्ता तथा पदाधिकारियों से पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव भी बेहद परेशान है। लखनऊ में आज छोटे लोहिया के नाम से विख्यात जनेश्वर मिश्र की जयंती पर मुलायम सिंह यादव का यह दर्द छलक उठा।
जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सभा के दौरान मुलायम सिंह यादव ने वहां पर मौजूद पार्टी के कार्यकर्ता तथा सभी पदाधिकारियों की लगातार बढ़ती जा रही अनुशासनहीनता पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी के पदाधिकारी को बेदाग होना चाहिए, लेकिन हमारे यहां पर लोग ऐसे नहीं हैं।
इस दौरान उन्होंने वहां पर मौजूद कार्यकर्ताओं से पूछ ही लिया कि क्या अब आप लोग जमीनों पर कब्जा बंद करोगे। मुलायम ने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी सचेत रहे, उन्होंने पूछा कि क्या अगली बार हमारी पार्टी की सरकार बनेगी। मुलायम ने कहा कि हमने सपा बनाने में बहुत मेहनत की। मेरा ध्यान रखते पांचवीं बार सरकार बना देना। मुलायम सिंह ने कार्यकर्ताओ से कई बार पूछा क्या हम सरकार दोबारा बनाएंगे।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के साथ ही कांग्रेस पूरी तरह से चुनाव के मोड में हैं, लेकिन हमारे यहां कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी अभी हवा में हैं। किसी को भी चुनाव की फिक्र नहीं है। भाजपा तथा कांग्रेस प्रदेश में दंगा कराने की फिराक में हैं। इनके सारे कार्यकर्ता तथा नेता मैदान में हैं। यह लोग मेहनत कर रहे हैं, लेकिन हमारे नेताओं को चुनाव की खबर तक नहीं है। मुलायम ने कहा कि कुछ लोग इधर-उधर के काम कर मुख्यमंत्री को जानबूझकर बिजी रखना चाहते हैं। अभी दिल्ली में भाजपा तथा कांग्रेस में सिर्फ चुनाव की चर्चा चल रही है। मुलायम ने कहा कि कार्यकर्ता तथा पदाधिकारी जरा भी परेशान न हों, सिर्फ ईमानदारी से पार्टी के साथ रहें। सभी को टिकट तो हम ही देंगे, हमारे दस्तखत जरूरी। हम जीतने वाले को ही टिकट देंगे। हमको सब पता है, कौन कितने पानी में है। नेता के साथ कार्यकर्ता कहीं न कहीं नाराज हैं। बिना किसी कारण किसी की भी नाराजगी ठीक नहींं है। उन्होंने कहा कि हमारे परिवार पर लोगों का विश्वास है। आज भी हम विरोधियों के लिए घातक है। इस बार भी लोकसभा के चुनाव में हमारे परिवार से पांच लोग जीते हैं। हम चाहते हैं समाजवादी पार्टी की अलग से पहचान बने।
मुलायम सिंह यादव आज महिलाओं की प्रशंसा करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि आज कल की महिला बहुत होशियार हो गई हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुंदरता नहीं गुण देखें। मुलायम ने कहा कि सीएम अखिलेश महिलाओं को न भूलें। समाजवादी पार्टी भी महिलाओं को आगे बढ़ा रही है। इस समय देश में चार महिलाएं मुख्यमंत्री हैं।
मुलायम सिंह ने कहा कि प्रदेश में अखिलेश ने अच्छा काम किया है। वह किसानों को भी घाटे से उबारने का काम कर रहे हैं। किसान आज घाटे में है। बिना किसान के घाटे से उबरे कोई भी देश तथा राज्य सम्पन्न नहीं हो सकता है। अखिलेश इनको घाटे से उबारने में लगे हैं। प्रदेश के गांवों में भी पक्की सड़कें बन रही हैं। गांव में भी सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समाजवादी दल की विचारधारा अलग है। पार्टी ने हमेशा से ही किसान तथा नौजवान के लिए काम किया है। यह काम अभी भी जारी है।
मुलायम सिंह यादव ने जनेश्वर मिश्र को याद किया। उन्होंने कहा कि जनेश्वर जी ने समाज को नई दिशा दी। उन्होंने जीवन भर गरीब व किसानों के लिए संघर्ष किया। उनकी सबसे बड़ी खासियत यह भी थी वह पार्टी के हर कार्यक्रम में जाते थे। जनेश्वर मिश्र काफी प्रभावशाली नेता थे। वह तो लोहिया जी से प्रभावित थे। इसी कारण उनको छोटे लोहिया की उपाधि भी मिली थी। मुलायम सिंह ने कहा कि उन्होंने कहा कि अखिलेश तो जनेश्वर जी के पास नहीं बैठे लेकिन उनके बारे में काफी जानकारी है, इनके पास।