भारत की पाक को दो टूक: कश्मीर पर नो टॉक

modi and nawazनई दिल्ली। कूटनीतिक स्तर पर पाकिस्तान को बड़ा झटका देते हुए भारत ने कश्मीर मसले पर बातचीत की उसकी पेशकश ठुकरा दी है। हालांकि भारत ने विदेश सचिव स्तर की वार्ता का न्योता स्वीकार कर लिया है। साथ ही स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोनों देशों के बीच सिर्फ सीमा पार आतंकवाद के मसले पर चर्चा होगी।
पाकिस्तान ने भारत को कश्मीर मसले पर विशेष वार्ता का प्रस्ताव दिया था। भारत ने इसका आधिकारिक जवाब पाकिस्तान को भेज दिया है। पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान के विदेश सचिव से मुलाकात की। उन्होंने पाकिस्तान की पेशकश पर भारत का जवाब सौंपा। वार्ता का न्योता स्वीकार करने के साथ ही यह स्पष्ट हो गया है कि विदेश सचिव एस.जयशंकर अपने पाकिस्तानी समकक्ष से बात करने के लिए इस्लामाबाद जाएंगे।
भारत ने साफ किया है कि अभी सीमापार से आतंकवाद का मसला ही केन्द्र में है,लिहाजा वार्ता इसी मसले पर होगी। पाकिस्तान के विदेश सचिव एजाज चौधरी ने सोमवार को इस्लामाबाद में भारत के उच्चायुक्त गौतम बंबेवाला को बुलाकर विदेश सचिव एस.जयशंकर के लिए पत्र भेजा था। इसमें जयशंकर को इस्लामाबाद आकर जम्मू कश्मीर के मसले पर वार्ता का न्योता दिया गया था। यही बयान विदेश मामलों पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के सलाहाकार सरताज अजीज ने भी दिया था।
हालांकि ये न्योता तब दिया गया जब भारत ये स्पष्ट कर चुका है कि कश्मीर पर पाकिस्तान से कोई वार्ता होगी तो वो पीओके पर होगी। गौरतलब है कि वित्त मंत्री अरुण जेटली भी सार्क देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए इस्लामाबाद नहीं जाएंगे। इससे पहले गृह मंत्री राजनाथ सिंह सार्क देशों के गृह मंत्रियों की बैठक में भाग लेने पाकिस्तान गए थे। उनके साथ हुए बर्ताव से भारत खुश नहीं है,इसलिए अरुण जेटली सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने नहीं जाएंगे।