आगरा में दहाड़ीं माया: क्या बच्चे पैदा होंगे तो मोदी देंगे रोटी

mayawatiआगरा। बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने आज आगरा से अपनी पार्टी के मिशन 2017 के अभियान का आगाज किया। इस दौरान मायावती ने निशाने पर भाजपा ही रही। ताजनगरी आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान से चुनावी शंखनाद करने पहुंची बसपा सुप्रीमो मायावती मैदान में उमड़े समर्थकों के सैलाब को देखकर बेहद उत्साहित हो गई। इस दौरान उनके निशाने पर भारतीय जनता पार्टी के साथ ही समाजवादी पार्टी तथा कांग्रेस थीं। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने एक बार फिर दलितों के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी के साथ ही नरेंद्र मोदी सरकार पर हमला बोला। मायावती ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने से देश में दलितों पर हिंसा की घटनाएं बढ़ी हैं। मायावती ने नरेंद्र मोदी सरकार के साथ ही आरएसएस को भी अपने निशाने पर रखा। मायावती ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में गरीबी बढ़ी है। सरकार इसको रोकने में नाकाम है। उन्होंने कहा कि एक ओर देश में गरीबी बढ़ रही है और दूसरी ओर भाजपा के सरपरस्त आरएसएस प्रमुख चाहते हैं कि हिंदू अधिक बच्चों को जन्म दें।
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तिरंगे पर राजनीति करने का आरोप भी जड़ा। बसपा प्रमुख ने कहा कि सिर्फ पीएम मोदी के शब्द दलित पर हो रहे अत्याचारों पर रोक लगाने के लिए काफी नहीं हैं। हम अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि सिर्फ दलित ही नहीं भाजपा शासन में अल्पसंख्यकों पर भी अत्याचार के मामले बढ़े हैं।
मायावती कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसान के साथ ही गरीबों को ठगा है। भाजपा तो किसानों की जमीन धन्नासेठों को देने वाली थी। हमारे विरोध के कारण बीजेपी ने भूमि अधिग्रहण बिल वापस लिया। आज वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शैली में लोगों से प्रश्न कर रहीं थीं। मायावती ने जनता से पूछा बीजेपी ने मुफ्त बिजली दी क्या?, बीजेपी ने श्रमिकों की मजदूरी बढ़ाई क्या?, बीजेपी ने किसानों को सुविधा दी क्या?, बीजेपी ने मुफ्त पानी दिया क्या? बीजेपी ने मुफ्त राशन दिया क्या?। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा की तरह ही झूठ बोलकर केंद्र की सत्ता हासिल कर ली है। अब उत्तर प्रदेश में भी इनका कुछ ऐसा ही इरादा है। मायावती ने कहा कि भाजपा ने जनता से झूठे वादे किए। बीजेपी ने गरीबों को कोई मकान नहीं दिया। दो वर्ष से अधिक के समय के शासन के बाद भी भाजपा सरकार लगातार झूठ बोलती जा रही है। मायावती ने कहा कि गरीबों को सस्ता राशन देने का वादा भूलकर भाजपा सिर्फ साम्प्रदायकि ताकतों को मजबूत कर रही है। अब देखना है कि भाजपा कितने दिन तक झूठ की नींव पर खड़ी रह पाती है। इसके बाद मायावती ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। मायावती ने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में बुजुर्ग ब्राह्मण महिला को प्रत्याशी बनाया। यह ऐसी महिला है जिसने दिल्ली को गंदा किया है। इसके ऊपर दिल्ली को बर्बाद करने के आरोप हैं। मायावती ने कहा कि कांग्रेस सवर्ण को आरक्षण देने की मांग करती है, लेकिन अपनी सरकार में कांग्रेस ने सवर्ण को आरक्षण नहीं दिया। हमने हमेशा से ही गरीब सवर्णों के आरक्षण की मांग की है। कांग्रेस का अपर कास्ट को आरक्षण देने का वादा छलावा है। कांग्रेस से उत्तर प्रदेश में 37 वर्ष तक शासन किया। उसकी गलत नीतियों के कारण ही उत्तर प्रदेश तथा केंद्र की सत्ता से कांग्रेस को बाहर होना पड़ा है।
मायावती ने कहा कि समाजवादी पार्टी की बात करना तो समय बर्बाद करना है। इसके बाद भी इनकी बात करना सबसे जरूरी है। प्रदेश की सत्ता में काबिज समाजवादी पार्टी के साथ भारतीय जनता पार्टी की साठगांठ हैं। यह दोनों ही मिलकर प्रदेश को दंगे की आग में झोंकना चाहते हैं। प्रदेश में सिर्फ बसपा के शासन में ही सर्वजन सुखाए सर्वजन हिताए का सपना साकार होगा। मायावती ने सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी पर भी जमकर प्रहार किया। मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद से गुंंडों-बदमाशों के हौसले बढ़ गए हैं। प्रदेश में दिन में हत्या व डकैती जैसी घटनाएं हो रही हैं। यहां की जनता का अमन-चैन छिन गया है। कानून के राज की जगह यहां पर जंगलराज है। सूबे मेें रोज एक दर्जन से अधिक बलात्कार की घटनाएं हो रही है। बुलंदशहर की घटना लोग नहीं भूल सकते हैं।