बिहार में अब इंटर पास ही होमगार्ड बन सकेंगे

Homeguard_big

बिहार में अब इंटर पास ही होमगार्ड बन सकेंगे। राज्य कैबिनेट की बुधवार को हुई बैठक में होमगार्ड के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट करने का निर्णय हुआ। अब-तक इसके लिए न्यूनतम योग्यता सातवीं थी। राज्य में अभी 54 हजार होमगार्ड हैं।मुख्यमंत्री नतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में 17 प्रस्तावों पर सहमति दी गई। राज्य आपदा रिस्पांस बल (एसडीआरएफ) में संविदा पर कार्यरत कर्मियों के मानदेय में 3000 रुपये की वृद्धि की गई है। साथ ही इनके वार्षिक अवकाश को 20 से बढ़ा कर 40 दिन कर दिया गया है। इन्हें वर्दी भत्ता भी पुलिस के बराबर मिलेगा।अभी एसडीआरएफ की 13 टीमें राज्य में हैं। हर एक टीम में औसतन 30 कर्मी हैं। कैबिनेट के इस निर्णय के बाद अब एसडीआरएफ में कांस्टेबल को 15 हजार, हेड कांस्टेबल को 18 हजार, सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर को 28 हजार मानदेय मिलेगा।सेवाकाल में मृत सरकारी सेवक के आश्रितों को अब ग्रेड पे 2000 रुपए में भी अनुकंपा के आधार सीधी बहाली होगी। सामान्य प्रशासन विभाग ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी।अभी सिर्फ ग्रेड पे 1800 रुपए और ग्रेड पे 1900 रुपए पर ही अनुकंपा पर नियुक्ति होती है। दोनों सीधी नियुक्ति वाले पद हैं। इससे बहाली में दिक्कत हो रही थी। रिक्त पद मिलने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। सबसे अधिक परेशानी सिपाही के पदों पर ऐसी बहाली के मामले में होती थी।हाल में कैबिनेट ने ग्रेड पे 2000 रुपए पर सीधी नियुक्ति की नई व्यवस्था को मंजूरी दी। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव दयानिधान पांडेय ने इस बारे में सभी सरकारी विभागों, विभागाध्यक्षों, प्रमंडलीय आयुक्तों तथा जिला पदाधिकारियों को परिपत्र भेजा है।नई व्यवस्था के अनुसार अनुकंपा समितियों द्वारा अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लिए अनुशंसा, उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता को ध्यान में रखकर सीधी भर्ती से भरे जाने वाले ग्रेड पे 1800 रुपए (मैट्रिक उत्तीर्ण), ग्रेड पे 1900 रुपए ग्रेड पे 2000 रुपए (मैट्रिक से उच्चतर योग्यताधारी) के पद पर की जा सकेगी। जो नियुक्त होंगे उनको संबंधित संवर्ग को लेकर प्रशिक्षित होना होगा। साथ ही टाइपिंग व कंप्यूटर की परीक्षा पास करनी होगी