माया पर पैसा लेने के आरोप पर कुछ नहीं बोले पाठक

brijesh pa

लखनऊ। भाजपा में शामिल हुए पूर्व सांसद ब्रजेश पाठक का कहना है कि उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए बसपा से नाता तोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही सर्वसमाज की पार्टी है। यही यूपी को तरक्की की राह पर ले जा सकती है। विकास के यज्ञ में आहुति देने के लिए व्यक्तिगत स्वार्थ त्याग कर बसपा से दामन तोड़ लिया। ब्रजेश ने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा राज में प्रदेश में कानून व्यवस्था भंग हो जाती है। वहीं बसपा शासन में भ्रष्टाचार का बोलबाला होता है।
मायावती के टिकट बांटने में पैसों को वरीयता देने के सवाल पर ब्रजेश ने कहा कि इस बात में दम है। हालाँकि खुलकर इस बारे में कुछ भी बोलने से वह बचे। उन्होंने इतना जरूर कहा कि बसपा सर्वसमाज की नहीं विशेष लोगों को खुश करने वाली पार्टी है। आगे की रणनीति पर उन्होंने कहा कि 2017 में प्रदेश में सुशासन लाने को सियासी कीचड़ हटा भाजपा का कमल खिलाने के लिए प्रयास करेंगे। सबका साथ, सबका विकास करने में योगदान देंगे।