राहुल के जनता दरबार में उमड़ी भीड़: सुनीं समस्याएं

rahul in amethiआशुतोष मिश्र,
अमेठी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी के दौरे में आज दूसरे दिन जनता दरबार लगाया। मुंशीगंज गेस्ट हाउस में लगे जनता दरबार में सैकड़ों फरियादी उमड़े, इस कारण से उनको निर्धारित समय से अधिक देर तक वहां पर रुकना पड़ा।
राहुल गांधी के जनता दरबार में सैकड़ों लोग अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। अपनी पार्टी के विधायक प्रत्याशियों के साथ पदाधिकारियों के साथ उनकी बैठक करीब एक घंटा तक चली। इसके बाद उनको जनता दरबार में 10.30 से 12.30 तक लोगों के साथ मिलना था। उनके दरबार में सैकड़ों फरियादियों की भीड़ जमा होने के कारण करीब 1.30 तक वह उनकी बात सुनते रहे। इस दौरान भी काफी लोग अपनी बात कहने से वंचित रह गये। उन्होंने वहां पर फरियादियों की समस्याओं को सुना। राहुल अपने संसदीय क्षेत्र में जनता दरबार अक्सर लगाते हैं लेकिन 2017 विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। इस बार उनके दरबार में काफी भीड़ भी उमड़ी।
जनता दरबार के बाद राहुल गांधी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना और सांसद निधि से चयनित सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास करने निकले। उनका आज जगदीशपुर (जाफरगंज मंडी) में जनसभा को ढाई बजे से संबोधित करने का कार्यक्रम है। इसके बाद शाम पांच बजे वापस मुंशीगंज गेस्ट हाउस पहुंचेंगे। जहां पर शाम 6 बजे से रात 8.30 तक जिले के वरिष्ठ कांग्रेसियों के साथ प्रदेश के विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक करेंगे।