ओडि़सा में सड़क हादसा: 21 की जान गयी

accidentअंगुल। ओडिशा के अंगुल जिले में आज एक दर्दनाक सड़क हादसे में 21 लोगों की जान चले गयी। बौद्ध से अंगुल जिले के आठमलिक आ रही महाराजा नामक एक निजी बस नियंत्रण खोकर माणत्री के पास एक पुल से 50 फीट नीचे खड्ड में गिर गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों के साथ ही जिला व पुलिस प्रशासन के सहयोग से तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को पहले आठमलिक उपखंड अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को अंगुल जिला मुख्य अस्पताल में और बाद में कटक एससीबी रेफर कर दिया गया। एससीबी में रेफर किए गए घायलों के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी। घायलों में कुछ छात्र व बच्चे भी बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने दुख प्रकट किया और उन्होंने अंगुल के जिलाधीश एवं एसपी को निर्देश दिया कि वे खुद घटना स्थल पर जाकर स्थिति को संभालते हुए घायलों के इलाज की व्यवस्था कराएं। मुख्यमंत्री ने घायल यात्रियों का मुफ्त इलाज कराने और प्रत्येक मृतक के आश्रित को दो दो लाख सहायता राशि देने की घोषणा की। इस बीच राज्य के परिवहन मंत्री रमेश माझी ने कहा है कि यह एक दुखद घटना है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जाएगी और आरटीओ से इस संबंध में रिपोर्ट मांगी जाएगी। पुलिस महानिदेशक केवि सिंह ने भी घटना पर दुख प्रकट किया है।
घटनास्थल पर उपस्थित आठमलिक के एसडीपीओ गोपाल पटनायक ने कहा कि बस 50 फीट नीचे गिरने से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बस से सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया है। गंभीर घायलों को अंगुल या अन्य जगह ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने की बात अनुगुल के जिलाधीश अनिल सामल ने कही है।आठमलिक के विधायक संजीव साहू भी मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि छह एंबुलेंस के जरिए घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।