सहारनपुर में माया की दहाड़: यूपी में बनेगी बीएसपी सरकार

mayawati 1सहारनपुर (जेएनएन)। बीसपी चीफ मायावती ने आज प्रदेश में अपनी चौथी जनसभा को संबोधित किया। सहारनपुर में कॉसमोस कालोनी रैली स्थल, दिल्ली रोड के खचाखच भरे मैदान में मायावती ने कहा कि मुझे भरोसा है कि इस बार उत्तर प्रदेश में भाजपा तथा समाजवादी पार्टी का दंगा कराने का षडयंत्र काम नहीं आएगा। उत्तर प्रदेश में बसपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। मायावती ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में मतदाता हमारी पार्टी को ही चुनेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हमारी पार्टी जब भी सत्ता में रही है, हमने कानून-व्यवस्था को बेहद दुरुस्त रखा है। हमारी पार्टी ने हमेशा प्रदेश के विकास पर फोकस किया है। मुझे भरोसा है कि जनता हमको चुनेगी, जिससे प्रदेश में विकास के अच्छे दिन आऐंगे। सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय का सपना भी पूरा होगा और बसपा सत्ता में आयेगी। मायावती ने कहा कि आपका जोश ही प्रदेश में बसपा की सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी सरकार में आएगी तो गरीब, किसान की जरूरत मदद करेगी। मायावती ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में बिजली का बिल हाफ कर देने की बात कर रही है। कांग्रेस दलित विरोधी पार्टी है। कांग्रेस ने तो प्रदेश में सीएम के पद पर एक ऐसा चेहरा दिया है जिसने दिल्ली को भ्रष्टाचार के कारण गंवा दिया है। शीला दीक्षित ने दिल्ली में जब कुछ नहीं किया तो फिर यहां पर क्या करेंगी।मायावती ने कहा भाजपा पूंजीपूतियों का कर्जा माफ कर देती है। इसके इतर उसने 50 हजार या एक लाख का कर्ज लेने वालों किसानों का कर्ज माफ नही किया है। कांग्रेस व भाजपा किसानों की बदहाली के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि करोड़ों की लागत से बन रही बुलेट ट्रेन पर तो सिर्फ देश के पूंजीपति चलेंगे। भाजपा ने तो गरीबों के लिए कोई सुविधा नही दी। अब तो ट्रेन में किराया साल भर में कई बार बढ़ जाता है। मोदी सरकार देश की अर्थव्यवस्था का लाभ गरीब बेरोजगार को देने के बजाय अरबपतियों को ही दे रही है। लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि जो काला धन विदेशों में जमा वह गरीबों को मिलेगा। अभी तक तो किसी को फूटी कौड़ी भी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मोदी का चुनावी वादा भी खोखला साबित हुआ है। इस दौरान मायावती ने जनता से पूछा कि क्या आपको राशन सस्ता मिल रहा है। मोदी ने कहा था बिजली पानी सस्ती हो जाएगी पर क्या ऐसा हुआ, क्या आप लोगो को 24 धंटे बिजली मिल रही है, मोदी ने ये भी कहा था कि पूरे देश में जिन गरीबों के पास पक्के मकान नही है उनहें पक्के मकाान बनाकर दिए जायेंगे पर क्या जनता बताएगी किसी को मकान मिला है।