शाह बोले: हरियाणा बनेगा विकसित राज्य, सरकार ने किया अच्छा काम

amit-sah-newजींद। बीजेपी प्रेसीडेंट अमित शाह ने आज यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हर जवान को वन रैंक वन पेंशन देने का काम पीएम नरेन्द्र मोदी ने किया है। उन्होंने अपना वादा निभाया है। शाह ने कहा कि पीएम मोदी किसानों की बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं जिसके नजीते भी सामने आ रहे हैं। शाह ने कहा कि किसानों को उचित मात्रा में यूरिया मिले इसके लिए सरकार ने पुख्ता इंतजाम किये हैं। शाह ने कहा कि हरियाणा को विकसित राज्य बनाने के लिए केन्द्र सरकार प्रतिबद्ध है और उसको बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जो कार्य बीजेपी की सरकार ने 2 साल में कर दिखाया वह काम कांग्रेस की सरकार ने 50 साल में नहीं किया।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल व अन्य नेताओं ने पुष्पगुच्छ देकर उन्हें सम्मानित किया। रैली में उमड़ी भारी भीड़ से उत्साहित मनोहर लाल ने बीरेंद्र सिंह के पक्ष में जमकर कसीदे कढ़े। उन्होंने कहा कि बीरेंद्र सिंह को भाजपा ने पूरा मान सम्मान दिया। उन्होंने भी इसकी पूरी लाज रखी है। उन्होंने कहा कि बीरेंद्र सिंह जिस काम को कांग्रेस ने रहते हुए 40 सालो तक नहीं कर पाए वह काम बीरेंद्र सिंह ने भाजपा में रहते हुए कुछ ही दिनों में कर दिए हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सभी को 24 घंटे बिजली देने के वादे पर कायम है, लेकिन उन्होंने साथ ही यह बात भी दोहराई कि किसी को भी मुफ्त बिजली नहीं मिलेगा।
भाजपा जाटलैंड में ढाई साल में तीसरी बार हुंकार भर रही है। पहले की दो रैलियों की ही तरह इस बार भी रैली को सफल बनाने का जिम्मा केंद्रीय इस्पात मंत्री बीरेंद्र सिंह के कंधों पर है। उन्होंने 2014 में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने के लिए सेक्टर-11 में बड़ी रैली कर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को अपनी ताकत दिखाई थी। इसके बाद विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जींद के बड़े बाईपास पर आयोजित रैली को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया था। इसके बावजूद भाजपा को जिले की पांच विधानसभा सीटों में से मात्र उचाना विधानसभा सीट (प्रेमलता, केंद्रीय मंत्री की पत्नी) पर ही जीत मिली थी। बावजूद इसके भाजपा नेतृत्व ने बीरेंद्र सिंह को जाटलैंड में पहली बार कमल का फूल खिलाने के इनाम के रूप में केंद्रीय कैबिनेट में शामिल कर ग्रामीण विकास मंत्रालय जैसी अहम जिम्मेदारी सौंपी थी।
हाल ही में हुए मंत्रिमंडल बदलाव में ग्रामीण विकास मंत्रालय लेकर इस्पात मंत्रालय की जिम्मेदारी देने पर विरोधियों के निशाने पर आए केंद्रीय मंत्री ने गत माह 11 सितंबर को जींद में बड़ी रैली आयोजित करने की घोषणा की थी। माना जा रहा है कि वह रैली के दौरान जींद में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला व वर्षों से अटके पड़े बाईपास व फोरलेन का भूमि पूजन करवाने सहित आधा दर्जन से अधिक परियोजनाओं की घोषणा करवाकर एक तीर से कई निशाने साधने की तैयारी में हैं।