एमएलसी उदयवीर पार्टी से हुए बाहर: अखिलेश के हैं खास

udaiveer-singhलखनऊ। समाजवादी पार्टी में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ बोलने तथा पत्र लिखने वालों पर पार्टी बेहद गंभीर है। शिवपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में आज राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद इस मामले में विधान परिषद सदस्य उदयवीर सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। उनको पार्टी से छह वर्ष के लिए निलंबित कर दिया गया है।
उदयवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई के बाद समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष तथा कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि विवादित चि_ी लिखने वालों पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई होगी।
आज पार्टी की राज्य कार्यकारिणी की बैठक से पहले ही यह आशंका जताई जा रही थी कि विधान परिषद सदस्य उदयवीर सिंह के खिलाफ कोई सख्त एक्शन होगा। पार्टी के विधान परिषद सदस्य उदयवीर सिंह को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का घोर समर्थक माना जाता है। उदयवीर सिंह ने पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव को अखिलेश यादव को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के लिए पत्र लिखा था।
आज राज्य कार्यकारिणी के लगभग सभी पदाधिकारियों ने उदयवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव पास किया था। माना जा रहा है कि अब मुलायम सिंह यादव के खिलाफ कोई भी टिप्पणी करने वालों पर जल्द एक्शन होगा। शिवपाल सिंह ने कहा कि मुलायम पर टिप्पणी करने वालों का सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई का प्रस्ताव भी राज्य कार्यकारिणी से पास कराया जाएगा।
उदयवीर ने सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाकर उन्हें उनका हक देने की मांग की थी।जिसके बाद से पार्टी में एक बार फिर से मतभेद खुलकर सामने आ गया। उदयवीर सिंह के पत्र पर एमएलसी आशु मलिक ने पलटवार करते हुए उनपर चापलूसी करने का आरोप लगाया था।