हिलेरी की जीत के लिए लखनऊ में हवन-पूजन

lucknow-hilryलखनऊ। अमेरिका के राष्ट्रपति के चुनाव को लेकर पूरे विश्व में कौतूहल का माहौल बना है। दो दिन बाद होने वाले इस चुनाव को लेकर लखनऊ के जबरौली गांव के निवासी भी सत्तारुढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने वाली हिलेरी क्लिंटन की जीत के लिए पूजा-पाठ कर रहे हैं। यहां पर पुरुष के साथ महिलाएं भी हवन कर रही हैं।
अमेरिका में आठ नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति पद के चुनाव का काफी जोरदार असर लखनऊ में भी हो रहा है। भले ही लखनऊ का इस चुनाव के कोई नाता न हो लेकिन यहां के लोग काफी उत्साहित है। मोहनलालगंज क्षेत्र के जबरौली गांव के निवासी अमेरिका में सत्तारुढ़ डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवारी हासिल करने वाली हिलेरी क्लिंटन की जीत के लिए पूजा-पाठ कर रहे हैं।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की पत्नी हिलेरी क्लिंटन की जीत के लिए बाकायदा हवन भी हो रहा है। गांव वाले हिलेरी जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं और उनकी जीत की कामना के लिये हवन कर रहे हैं। लखनऊ जिले के जबरौली गांव से हिलेरी क्लिंटन का पुराना नाता है। भारत दौरे पर पहुंचे क्लिंटन दंपत्ति ने इस गांव का दौरा किया था और इसे गोद भी लिया था।
जबरौली गांव के लोग ऐसा मान रहे हैं कि अमेरिका में राष्ट्रपति बन जाने के बाद हिलेरी क्लिंटन एक बार फिर गांव का दौरा करेंगी। इस बार उनके दौरे से इस गांव का फिर से काला पलट होना तय है। जबरौली में हवन के साथ मंत्रोचार हो रहे हैं। लोग हिलेरी की जीत की कामना कर रहे हैं। लोग अपने हाथ में हिलेरी की तस्वीर लेकर हवनकुंड में आहुति डाल रहे हैं।
गांव के लोग उस दौर को याद कर रहे हैं जब बिल क्लिंटन भारत दौरे पर आने के बाद हिलेरी ने उनके साथ गांव का दौरा किया था। ग्रामीण हिलेरी को राष्ट्रपति होना तय मान रहे हैं। यहां लोगों को अमेरिका के चुनाव में चर्चा करते हुए सुना जा सकता है। गांव को देखकर यही कहा जा सकता है कि पूरा गांव हिलेरीमय हुआ है।
हिलेरी के साथ जुलाई 2014 में बिल क्लिंटन इस गांव के दौरे पर आये थे। इस दंपत्ति ने गांव का भ्रमण किया था। गांव घूमा और लोगों से बातचीत की और गांव के लोगों की प्रशंसा की। बिल क्लिंटन के स्वागत में गांव के लोगों ने कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी थी।
क्लिंटन दंपत्ति ने इस गांव को गोद लिया था और गांव के लोगों में विकास की उम्मीद जगी थी। उसी उम्मीद को अब हिलेरी क्लिंटन के राष्ट्रपति बनने की उम्मीद को हवन के जरिये गांव के लोग एक बार फिर जगाने की कोशिश में जुटे हैं। पूरे गांव को देखकर यही कहा जा सकता है कि पूरा गांव हिलेरीमय हुआ है।