शाह बोले: सपा में चल रही है वारिस की लड़ाई

amit-sah-newझांसी। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में जोरदार ढंग से अभियान शुरू किया है। सहारनपुर के बाद आज झांसी में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के निशाने पर समाजवादी पार्टी थी। अमित शाह ने आज जनसभा के बाद परिवर्तन रथ रवाना किया। यह रथ 24 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगा।
झांसी में जनसभा में अमित शाह ने जोरदार ढंग से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सत्ता पर काबिज इस पार्टी में अब नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का वारिस तय करने की लड़ाई चल रही है। यह लोग जनता के बारे में अब सोचना बंद कर चुके हैं।
समाजवादी पार्टी के शासन में उत्तर प्रदेश लगातार पीछे ही चलता चला गया। अब यहां पर चाचा व भतीजे के बीच में शक्ति प्रदर्शन चल रहा है। इनके प्रदर्शन में जनता पिस रही है। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ नहीं दिया। यहां पर तो भारी कमीशन के कारण किसानों का पैसा खा लिया गया। भारतीय जनता पार्टी की एक भी योजना उत्तर प्रदेश तक नहीं पहुंच पाती है।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जब भी समाजवादी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनती है तो उनके मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगते हैं। जेल जाने की नौबत आ जाती है। है कोई माई का लाल जो यह कह दे की उत्तर प्रदेश में भाजपा की भी सरकारें थी, किसी भाजपाई सीएम पर एक पैसे का भी आरोप है।
जनता को इसका जवाब समाजवादी पार्टी व बहुजन समाज पार्टी को देना ही होगा। बुन्देलखंड के लोग पानीदार है लेकिन खेत में फसल के लिये पानी नही है। हमारी सरकार बनी तो पांच वर्ष में पानी की किल्लत दूर कर देंगे। यूपी में बिजली नही आती। दिन भर थका हारा व्यक्ति घर पहुचता है। वो ना घरवाली का चेहरा देख पाते है न ही घरवाली घरवाले का चेहरा देख पाती है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की सरकार पर कोई आरोप नहीं लगा। इससे पहले केन्द्र सरकार सपा-बसपा के समर्थन से चली। हजारों लाख करोड़ का घोटाला हुआ। केंद्र में अब यूपी की जनता की वजह से पूर्ण बहुमत की सरकार है। उत्तर प्रदेश के लोगों ने देश को आगे बढ़ाने का मौका दिया। हम इस देश में बदलाव लाना चाहते हैं। बदलाव तभी होगा जब उत्तर प्रदेश में भी भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने झांसी से परिवर्तन रथ को रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 24 दिसम्बर को जब मोदी जी यात्रा का समापन करेंगे तब तक यूपी में बीजेपी की सरकार बनाने का काम पूरा हो चूका होगा। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मी बाई और वीरों की भूमि झांसी से हमको विजय का आशीर्वाद मिलने की पूरी उम्मीद भी है।