माया बोलीं: भाजपा ने तो ढ़ाई साल में कर लिया है 100 साल के खर्चे का इंतजाम

mayawati-latestलखनऊ। बसपा अध्यक्ष मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के इस निर्णय से देश में आर्थिक इमरजेंसी का माहौल बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ढ़ाई वर्ष के अपने शासन की सारी कमियों को छुपाने के लिए अब देश में इमरजेंसी का माहौल बना रहे हैं। उनका 500 तथा एक हजार रुपये का नोट बंद करने का फैसला अघोषित आर्थिक इमरजेंसी है। उप्र की सत्ता पर काबिज होने का सपना देख रही भाजपा की जनता का ध्यान मुद्दों से भटका रही है। प्रदेश का हर नागरिक भ्रष्टाचार से परेशान है। जनता कानून का राज चाहती है। अब जनता जिसकी लाठी उसकी भैंस नहीं चाहती है।
मायावती ने कहा कि नोट बंद होने पर लोग कैसे जश्न मना पाएंगे। लगता है पीएम मोदी समझते हैं कि मेहनत करने वाले लोगों के पास काला धन है। देश की जनता को तकलीफ में पहुंचाया गया। जनता अब बीजेपी एंड कम्पनी के लोगों को सजा देगी। अब तो भाजपा परिवर्तन यात्रा के साथ पीएम की परिवर्तन रैली भी कर लें। जनता उनको सबक सिखाने को तैयार है। भाजपा गरीबों का नहीं देश के धन्ना सेठों पर ध्यान दे रही है। भाजपा ने गरीबों व किसानों पर आर्थिक चोट पहुंचाई है। आने वाले चुनाव में भाजपा को सजा मिलेगी। भाजपा के लोगों की पेट्रोल पम्पों से सांठगांठ हुई।
मायावती ने कहा कि देश की 90 फीसदी जनता केंद्र सरकार की नीतियों से बेहद ही परेशान है है। किसी भी योजना पर केंद्र सरकार की नीयत साफ  नहीं है। उन्होने लोगों की चर्चा के हवाले से केन्द्र सरकार व भाजपा पर भ्रष्टाचार का संरक्षण देने और 100 साल की जरूरत के लिए पैसे विदेश में जमा करने का आरोप लगाया। उन्होने कहा कि नरेंद्र मोदी के ढाई वर्ष के कार्यकाल में भाजपा ने अपने को मजबूत करने का सारा बंदोबस्त कर लिया है। भाजपा ने देश का काला धन विदेश भेज दिया है। भाजपा ने अगले सौ वर्ष के लिए अपनी आर्थिक मजबूती कर ली है। भाजपा ने अभी तक देश में पूंजीपतियों को लाभ पहुंचने के लिए योजनाएं चलाई हैं। ढाई साल मे मोदी ने धन्नासेठों को लाभ पहुंचाया है।