उत्तराखंड में 58 हजार जन धन खाते हूए मालामाल

JanDhanYojanaहल्द्वानी  (आरएनएस)। 500 और 1000 के नोट बंद करने के बाद प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खोले गए खाते मालामाल हो गए हैं। प्रदेश में नोटबंदी के बाद से अब तक शून्य बैलेंस वाले 3,96,936 खातों में से 15 फीसद खाते 23 दिन में एक्टिवेट हो गए। नैनीताल जिले में ही 9552 खाते एक्टिवेट हुए हैं। इनमें से करीब 981 खातों में एक लाख से अधिक की धनराशि जमा हुई है। प्रदेश में जन-धन योजना के तहत 20,91,113 खाते खुले थे। इनमें से 3,96,936 खातों में आठ नवंबर तक एक रुपया भी नहीं था। चौंकाने वाली बात यह है कि नोटबंदी के बाद से अब तक रिक्त खातों में से 58,079 खातों में कैश जमा हो गया है। आठ नवंबर से लेकर तीन दिसंबर तक यानी कुल 26 दिनों में से तीन दिन बैंक बंद रहे और बाकी 23 दिन इन खातों में रुपये जमा कराने का सिलसिला चलता रहा। अब भी खातों में रकम आ रही है। केंद्र सरकार भले ही जनधन के खातों में जमा राशि का खुलासा करने के निर्देश दे रही हो, लेकिन वित्तीय एजेंसियां इसका खुलासा नहीं कर रही हैं। एजेंसियों का कहना है कि जानकारी सीधे केंद्र को भेजने के लिए कहा गया है। राज्य में आयकर विभाग करीब 15 हजार खातों की जानकारी भी जुटा चुका है, जिनमें बड़ी रकम जमा हुई है। बैंकों का कहना है कि पूरी जानकारी आरबीआइ ऑनलाइन ही जुटा रहा है।