राहुल बोले: पीएम मोदी करें तपस्या

rahul rallyदेहरादून। उत्तराखंड की रैली में एक बार फिर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने रैली में अपना फटा कुर्ता दिखाते हुए खुद को गरीबों का नेता करार दिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग का मजाक उड़ाते हुए उन्हें और तपस्या करने की सलाह दे डाली। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने संघ को भी आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, तिरंगे के लिए देश के लाखों लोगों ने कुर्बानी दी। तिरंगे के लिए जवान गोली खाते हैं। लेकिन आरएसएस ने 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया। नागपुर में आरएसएस के दफ्तर पर तिरंगा नहीं था।
राहुल ने फिर कहा- डरो मत, डटे रहो
राहुल ने कहा, मैं 7-8 महीने से रिसर्च कर रहा हूं। यहां तक कि अपनी पार्टी के बारे में गूगल पर सर्च भी किया, लेकिन समझ नहीं पाया कि क्यों हमारी पार्टी को खत्म करना चाहते हैं? हाथ का निशान हर धर्म में दिखाई देता है। उन्होंने महिलाओं से कहा- डरो मत। सेना, किसान और मजदूर से हम कहते हैं कि डरो मत, समस्या के आगे खड़े रहो। मोदीजी ने पूरे देश को डराकर रखा है। कहते हैं कि पेटीएम नहीं है तो यहां से बाहर निकलो। जिस तरह एक मिनट में नोटबंदी का फैसला लिया, वैसे ओआरओपी का क्यों नहीं लिया?