यूपी में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में प्रियंका भी शामिल

rahul-and-priyankaनई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के स्टार प्रचारकों में प्रियंका गांधी का भी नाम शामिल है। वे पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों में से एक हैं। मंगलवार को कांग्रेस ने ये लिस्ट जारी की। यह पहले से ही तय माना जा रहा था कि यूपी चुनाव के जरिए प्रियंका राजनीति में लॉन्च होंगी। अब इस लिस्ट से चर्चा पर मुहर लग गई है।
कांग्रेस की लिस्ट में कई मुख्यमंत्री, पार्टी के सीनियर और युवा लीडर शामिल हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मनमोहन सिंह, यूपीप्रभारी गुलाम नबी आजाद, यूपी स्टेट चीफ राज बब्बर, शीला दीक्षित, मीरा कुमार, सुशील कुमार शिंदे, जनार्दन द्विवेदी, अहमद पटेल, कमल नाथ, मुकुल वासनिक, प्रमोद तिवारी, संजय सिंह, प्रदीप माथुर, भूपिंदर सिंह हूड्डा, सलमान खुर्शीद, सचिन पायलट जैसे नाम शामिल हैं।
यूपी में कांग्रेस समाजवादी पार्टी के गठबंधन में प्रियंका गांधी की भूमिका सबसे अहम रही। प्रियंका की वजह से ही गठबंधन संभव हुआ। समाजवादी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी सांसद डिम्पल यादव प्रियंका के साथ गठबंधन के लिए बातचीत कर रही थीं। दोनों के बीच दिल्ली में मुलाक़ात भी हुई थी। अब माना जा रहा है कि सांसद डिम्पल और प्रियंका एक साथ पार्टी का प्रचार कर सकती हैं।