बयान पर विवाद: शाह बोले इसमें गलत क्या है

amit-sah-newटिहरी/देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मनमोहन सिंह पर रेनकोट वाले बयान पर मचे विवाद के बीच भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी आ गए हैं। गुरुवार को एक रैली में उन्होंने सवाल पुछा, मोदी के रेनकोट वाले बयान में आखिर गलत क्या है? उन्होंने कहा, मनमोहन इस सच्चाई से छुटकारा नहीं पा सकते कि उनके कार्यकाल में कई घोटाले हुए, पर सभी घोटालों से उन्होंने अपना पल्ला झाड़ लिया। बुधवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर राज्यसभा में मोदी ने कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आजादी के बाद कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे और इस दौरान इतने घोटाले हुए, पर उनपर कोई दाग नहीं लगा। मोदी ने कहा था, बाथरूम में रेनकोट पहनकर नहाना कोई डॉक्टर साहब से सीखे।
उत्तराखंड में चुनावी रैली में शाह ने मनमोहन सिंह और कांग्रेस पर सीधा हमला किया। उन्होंने कहा, संसद में मनमोहन पर प्रधानमंत्री ने ऐसा क्या बुरा कह दिया। मनमोहन सिंह के कार्यकाल में घोटालों की जिम्मेदारी मनमोहन सिंह की ही है। उनके कार्यकाल में 2जी, आदर्श जैसे लाखों करोड़ रुपये के घोटाले हुए। इसके लिए मनमोहन और कांग्रेस की जिम्मेदारी है। शाह ने कहा, अब कांग्रेस को मोदी के ऐसा बोलने पर ऐतराज है। उन्होंने मोदी के लिए जो शब्द इस्तेमाल किए थे, शायद वो भूल गए।