हम बेहतरी के लिए काम कर रहे हैं: उपेन्द्र तिवारी

लखनऊ आरएनएस। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय में सतत 28वें दिन जनता के दरबार में प्रदेश सरकार के मंत्रियों की सुनवाई जारी रही। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उपेन्द्र तिवारी जी ने कहा हम जनता की भावनाओं और अपेक्षाओं के अनुरूप काम कर रहे है। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा एवं प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता भी समस्याओं के समाधान में जुटे।
राज्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि व्यवस्था बिगड़ी हुई थी। धीरे-धीरे स्थितियां ठीक होगी, हम बेहतरी के लिए काम कर रहे है। जन सहयोग केन्द्र पर सुबह 8 बजे से 10:30 तक लगभग 5 दर्जन की समस्याओं को सुना । जनता की एक-एक समस्या का निराकरण विधिक दायरे में किया जा रहा है। हम गरीब को न्याय के लिए सीधे प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर रहे है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी की मन की बात में जब किसी गांव या छोटे शहर की किसी बेटी की उपलब्धि को प्रधानमंत्री रेडियो के माध्यम से पूरे देश को सुनाते हैं तो लोग सोचते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी उनकी आवाज हैं, और जनता का यह विश्वास राजनीति की घट रही विश्वसनीयता की पुनस्र्थापना की दिशा में ठोस प्रयास है। जो देश कभी भ्रष्टाचार के मामले में दुनिया के शीर्ष देशों में आता रहा हो, वही देश तीन साल की अवधि में भ्रष्टाचार के खिलाफ खुली जंग छेडने वाले मजबूत देश की श्रेणी में शुमार हो गया। प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता में आते ही सभी सरकारी भुगतान ऑनलाइन करने के निर्णय के साथ टेंडरिंग को पूरी तरह ऑनलाइन करने का आदेश दिया। पिछले तीन साल में अभी तक सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है, जबकि पिछली सरकार में मंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक पर भारी भ्रष्टाचार के दाग लगते रहे हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई में मोदी सरकार ने गत 8 नवंबर को 500 और 1000 के नोट को बंद करने का ऐलान किया तो भ्रष्टाचारियों और भ्रष्टाचार के संरक्षकों में हडकंप मच गया, लेकिन देश की जनता प्रधानमंत्री के साथ खड़ी रही।
प्रदेश मुख्यालय पर कल 29 मई को सुबह 11 बजे से 1 बजे तक ग्राम विकास, समग्र ग्राम विकास, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ0 महेन्द्र सिंह जी जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए उपस्थित रहेगे। साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश शर्मा एवं प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता एवं कार्यालय सहायक आनंद पाण्डेय भी उपस्थित रहेगें।