बेकाबू टाटा सूमो ने 15 लोगों को कुचला

tata sumo
वाराणसी। कैंट स्टेशन के समीप इंग्लिशिया लाइन चौराहे पर बेकाबू टाटा सूमो 15 लोगों को कुचलते हुए मोबाइल की दुकान में जाकर घुस गई। इस सड़क हादसे में कई लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे से नाराज आक्रोशित स्थानीय व्यापारियों ने चक्का जामकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर मौके पर कई थाने की पुलिस समेत अन्य अधिकारी भी पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सूमो की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अपने साइड से हवा में उड़ती हुई डिवाइडर के दूसरे साइड में स्थित मोबाइल की दुकान में जा घुसी। कार ने सबसे पहले आगे चल रहे रिक्शा और मोटरसाकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी की रिक्शा और बाइक के परखच्चे उड़ गए। रास्ते पर चल रहे कई लोगों के ऊपर ये चढ़ती हुई सूमो दूसरे साइड चली गई। दुकानदार प्रिंस ने बताया कि इस दौरान कार की स्पीड 100 से कम नहीं थी।
घायलों को लोगों ने पहुंचाया अस्पताल : सड़क हादसे में एक दर्जन से ज्यादा लोगों को गंभीर चोटें आई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिगरा थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि सिगरा की ओर से आ रही सूमो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उनके मुताबिक करीब आठ लोग सूमों के चपेट में आ गए हैं। फिलहाल किसी के मरने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पूछताछ की जा रही है।