गणपति बप्पा मोरया: देश में चतुर्थी की धूम

नई दिल्ली। भगवान गणेश के जन्म उत्सव को गणेश चतुर्थी के रूप में जाना जाता है। पूरे देश में आज यानि शुक्रवार को गणेश चतुर्थी मनाई जा रही है। इसी के मद्देनजर दिल्ली के बाजारों में भी गणपति बप्पा की मूर्तियां तैयार हैं। पांडव नगर और ओखला टैंक में लोग मूर्तियां खरीदने के लिए आ रहे हैं। यहां पर भगवान गणेश को कई रूप में दर्शाया गया है। कहीं बाहुबली की तरह भगवान गणोश को महाबली, तो कहीं भगवान को मुकुट की जगह पगड़ी पहनाई गई है।
राजस्थान से आए कारीगर इन मूर्तियों को बनाते हैं। कारीगर कहते हैं कि हम चतुर्थी से चार महीने पहले ही मूर्ति बनाना शुरू कर देते हैं। लोग हमसे अपनी तरह भगवान को सजवाते हैं। पांडव नगर में जोधपुर से आए विकास ने इस बार बाहुबली की तरह भगवान गणोश को महाबली बनाया है। इस मूर्ति में गणेश भगवान हाथों में शिवलिंग लिए हुए हैं। उन्होंने बताया कि हमने ऐसी सिर्फ आठ से दस मूर्ति बनाई थी। यह देखने के लिए कि लोगों में इसकी मांग कैसी है, लेकिन यह मूर्ति बहुत जल्दी बिक गई।
विकास के मुताबिक, ग्राहक इस बार सबसे ज्यादा मिट्टी की बनी मूर्तियों की मांग कर रहे हैं। लाल बाग के राजा के अध्यक्ष नरेश गोयल ने बताया कि मुंबई के लाल बाग के राजा की तर्ज पर 15 फीट की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह दिल्ली की सबसे बड़ी प्रतिमा होगी।