नीरज की स्मृति में 5 नवोदित कवियों को एक-एक लाख का पुरस्कार की घोषणा

लखनऊ जुलाई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रख्यात कवि गोपाल दास ‘नीरज’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि राजकीय सम्मान के साथ उनकी अन्तिम यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने गोपाल दास ‘नीरज’ की स्मृति में प्रत्येक वर्ष उनके स्मृति दिवस पर उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा प्रदेश के 05 नवोदित कवियों को 01-01 लाख रुपए का पुरस्कार, अंगवस्त्र व सम्मान-पत्र दिए जाने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने  गोपाल दास ‘नीरज’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। एक शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि नीरज ने अपनी काव्य रचनाओं से हिन्दी साहित्य को समृद्ध किया। उन्हें भावनाओं और अनुभूतियों को व्यक्त करने में दक्षता हासिल थी। हिन्दी फिल्मों के लिए नीरज द्वारा लिखे गए गीत आज भी लोकप्रिय हैं। गोपाल दास ‘नीरज’ के निधन से साहित्य जगत को जो हानि हुई है, उसकी भरपाई होना कठिन है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने पदमश्री और पदमभूषण सम्मान से सम्मानित लोकप्रिय कवि व गीतकार गोपाल दास ‘‘नीरज’’ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। डा0 पाण्डेय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नीरज जी के निधन से देश के साहित्य क्षेत्र के साथ-साथ आमजन भी शोकाकुल है। उन्होंने साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य किया जो कभी नहीं भुलाया जा सकता। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने कवि एवं गीतकार गोपाल दास नीरज जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नीरज जी का प्रयाण साहित्य जगत की अपूर्णीय क्षति है।