प्रियंका की चुनावी विसात: रात भर जागीं, कार्यकर्ताओं में उत्साह

आशुतोष मिश्र, अमेठी। कांग्रेस महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी मेहनत करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही हैं। मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के लिए बुधवार की पूरी रात जागकर बिताई। आधी रात उन्होंने अमेठी में जनसंपर्क में बिताई और सुबह 5.00 बजे तक मां के संसदीय क्षेत्र की चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बुधवार को अमेठी के दौरे पर पहुंची कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी रात 1.00 बजे तक अमेठी में प्रचार और जनसंपर्क करती रही। कार्यकर्ता और आम लोगों से मिलते हुए वह रात 12.30 बजे जायस कस्बे पहुंची। उन्हें भूएमऊ स्थित गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करना था।
पार्टी सूत्रों के अनुसार रात 1.30 बजे गेस्ट हाउस पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी सोई नहीं उन्होंने सांसद प्रतिनिधि केएल शर्मा और चन्द्र कांत दूबे और अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ चुनाव पर गहन मंत्रणा की। यह मंथन सुबह 5.00 बजे तक चलता रहा। सूत्रों के मुताबिक, सुबह 11.00 बजे से वह फिर सक्रिय हो गईं। विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों से भेट के बाद वह रायबरेली के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से साफ शब्दों में कहा कि अब आपके हाथ में मुद्दे ही मुद्दे हैं। सभी लोग प्रयास कीजिए कि चुनावों में कोई बाहरी मुद्दा हावी ना होने पाए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने विधानसभा वार आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में अपनी व्यस्तता और मां की बीमारी का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि इस बार का चुनाव आप सबको ही लडऩा है। आपको पता है कि हमें पूरे प्रदेश की जिम्मेदारी दे दी गई है इसलिए इस बार मैं इतना समय नहीं दे पाऊंगी। जितना पिछले चुनावों में दिया करती थी। मां का स्वास्थ्य भी बहुत अच्छा नहीं है। इसलिए आप अभी से चुनावों के लिए सक्रिय हो जाए। प्रियंका गांधी रायबरेली संसदीय क्षेत्र की संगठन प्रभारी भी हैं और अपनी मां सोनिया गांधी के लिए चुनाव में गांव का प्रचार किया करती थीं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में पूरे 2 साल बाद यहां आई। विधानसभा चुनावों के वक्त वह जनसभा को संबोधित करने आई थी उसके बाद व्यस्तता के चलते उनका रायबरेली आना नहीं हुआ। कार्यकर्ताओं को उनकी कमी बता कर रही थी. 2 साल बाद अपनी नेता को अपने बीच पाकर कार्यकर्ता फूले नहीं समाए और बड़ी संख्या में उनसे मिलने के लिए गेस्ट हाउस में उमड़े प्रियंका गांधी ने भी किसी को निराश नहीं किया।