राहुल नहीं छोड़ेंगे अमेठी: स्मृति की नौटंकी

अमेठी। आल इंडिया वूमेन कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के दो सीटों से चुनाव लडऩे को लेकर अमेठी में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अमेठी को राहुल गांधी का घर बताते हुए कहा कि वह अमेठी कभी नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी पर नौटंकी करने का आरोप लगाया है।
गुरुवार को केन्द्रीय कांग्रेस कार्यालय गौरीगंज के मीडिया सेंटर पर पत्रकारों से बात करते हुए सुष्मिता देव ने कहा कि अमेठी के लोगों का भरोसा राहुल गांधी पर है। उन्होंने कहा कि पहले भी कांग्रेस नेतृत्व उत्तर और दक्षिण भारत की दो सीटों से चुनाव लड़ता रहा है। लेकिन अमेठी को राहुल गांधी अपना घर मानते हैं और कोई भी अपना घर नहीं छोड़ता। केन्द्र की भाजपा सरकार से देश की धर्मनिरपेक्षता को खतरा बताते हुए उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक दल को जनता चुनाव में रोकेगी। कांग्रेस की न्याय योजना को खासकर महिलाओं के लिए बताते हुए उन्होंने कहा कि महिला वोटरों का उत्साह कांग्रेस के प्रति बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी का कद सरकार में लगातार घट रहा है। उनके मंत्रालय कई बार बदले गए।
सुष्मिता देव ने कहा कि पुरानी दिल्ली से चुनाव हारने के बाद स्मृति ईरानी वहां वापस नहीं गई। अमेठी में वह चुनाव हारकर भी अपनी राज्यसभा की सीट पक्की रखने के लिए लड़ती हैं। आरोप लगाया कि राज्यसभा सीट पाने के लिए ही वह अमेठी में हारने का इंवेस्टमेंट करती हैं। इस मौके पर रामपुर खास विधायक आराधना मिश्र व जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह भी मौजूद रहे।