तप रहा है उत्तर भारत: नौतपा का प्रकोप

नई दिल्ली। इस वक्त देश के आधे से ज्यादा राज्य प्रचंड गर्मी और लू से परेशान हैं। गर्मी और लू से लोगों को फिलहाल 4 जून तक राहत मिलने की उम्मीद नजर नहीं आ रही है। विदर्भ के चंद्रपुर में 48 डिग्री तक तापमान बुधवार को दर्ज किया गया। भारत में इस साल का यह सर्वाधिक तापमान था। लगभग आधे भारत में लू और गर्मी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। आनेवाले दिनों में भी विदर्भ, पश्चिमी राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में लू और गर्म हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
36 में से 16 मौसम विभाग क्षेत्रों ने गर्म हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की
बुधवार को 36 मौसम विभाग सबडिविजन में से 16 ने गर्म हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की। इनमें से 15 क्षेत्रों ने आज के लिए भी यह चेतावनी जारी रखी है। इस वक्त चल रही लू और गर्म हवाएं इस साल की गर्मी के मौसम में सबसे प्रचंड तरीके से चल रही हैं। गर्म हवाओं का यह प्रभाव 2 जून तक ज्यादातर क्षेत्रों में बना रहेगा। भारत में इस साल अब तक गर्म हवाओं और लू से सबसे अधिक प्रभावित विदर्भ क्षेत्र के रहने की आशंका है।