कोरोना कहर: मरीजों की संख्या 6412 व 199 की मौत

नई दिल्ली। कोरोना वायरस के कारण देश में मरने वाले लोगों की संख्या बढक़र शुक्रवार को 199 हो गई और संक्रमित लोगों की संख्या 6,412 पर पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अब भी 5,709 लोग संक्रमित हैं, 503 लोग स्वस्थ हो गए और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई तथा एक व्यक्ति देश छोडक़र चला गया।मंत्रालय ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम से लेकर अब तक कम से कम 30 और लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 25 लोगों की मौत हुई है, दिल्ली में तीन तथा गुजरात और झारखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। अब तक सबसे अधिक 97 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई हैं। इसके बाद गुजरात में 17, मध्य प्रदेश में 16 और दिल्ली में 12 लोगों ने जान गंवाई।
पंजाब और तमिलनाडु में आठ-आठ लोगों की मौत हुई जबकि तेलंगाना में सात लोगों की मौत हुई। पश्चिम बंगाल और कर्नाटक में पांच-पांच लोगों ने जान गंवाई। आंध्र प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस से चार-चार लोगों की मौत हुई जबकि हरियाणा तथा राजस्थान में तीन-तीन लोगों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, केरल में दो लोगों की मौत हुई। बिहार, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा तथा झारखंड में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।कुल 6,412 संक्रमितों में 71 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।बृहस्पतिवार शाम तक मरने वाले लोगों की संख्या 169 थी।