आईजी बोले: आतंकी जैसा होगा विकास के साथ सुलूक

लखनऊ। कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के तीसरे दिन आईजी रेंज मोहित अग्रवाल तीसरी बार रविवार को फिर कानपुर के बिकरू गांव पहुंचे। वहां उन्होंने विकास दुबे के जमींदोज किलानुमा मकान का निरीक्षण किया। आपरेशन विकास की गतिविधियों के बारें में उन्होंने बताया कि राजस्थान, हरियाणा और बिहार में भी पुलिस टीमें बनाकर कांबिंग शुरू हो गई है। इन सभी प्रदेशों के आईजी और डीआईजी सीधे संपर्क में हैं। इस चक्रव्यूह को भेद पाना आसान नहीं होगा। जल्द ही विकास पुलिस के शिकंजे में होगा। यह किसी आतंकी घटना से कम नहीं है। विकास के साथ वही सुलूक होगा जो एक आतंकवादी के साथ होता है।
नेस्तनाबूत किले से बरामदगी के सवाल पर आईजी ने कहा, जल्द ही बड़ा खुलासा किया जाएगा। पुलिस को सूचना थी कि विकास दुबे ने अपने घर में भारी मात्रा में आधुनिक हथियारों को दीवारों, तयखाने और सुरंग छिपा रखा है। छानबीन जारी है।