तेजस्वी बोले: नीतीश 15 साल में एक फैक्ट्री नहीं लगा सके

पटना। नीतीश कुमार की सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। जनता ने उन्हें 15 साल का मौका दिया लेकिन 15 साल में सूबे में एक भी फैक्ट्री नहीं लग पाई। यह बात नेता प्रतिपक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कही। तेजस्वी बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान रविवार की दोपहर स्टेडियम के मैदान में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में सरकार की सच्चाई सामने आ गई। लोग भूख से चलते चलते थक कर मर गए। यादव राजद प्रत्याशी विजय प्रकाश के पक्ष में सभा को संबोधित कर रहे थे। सभा में जुटी भीड़ को देखकर तेजस्वी यादव गदगद थे। उन्होंने कहा कि अगर मेरी सरकार बनी तो 10 लाख युवाओं को हम रोजगार देंगे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग में पद रिक्त पड़े हैं लेकिन सरकार बहाली नहीं कर रही है। अगर मौका मिला तो हम रोजगार की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है। हर लोग भ्रष्टाचार से प्रभावित हो गया है। सूबे में अफसरशाही से आम जनता त्रस्त है। जनप्रतिनिधियों का कोई सम्मान नहीं है। उन्होंने कहा कि जंगल राज की बात करने वाले नीतीश कुमार के कार्यकाल में अपराध अपने चरम पर है। लोग अपराध से परेशान हो गए हैं।