चिराग ने नीतीश का भी बेड़ा किया गर्क

डेस्क। एनडीए से अलग होकर चुनाव मैदान में उतरी लोजपा स्वयं तो एक ही सीट जीतने में सफल हो सकी है। पर, उसने जदयू को डेढ़ दर्जन सीटों पर नुकसान पहुंचाया है। वहीं चार सीटों पर वीआईपी और एक सीट पर हम को क्षति पहुंचाया है। लोजपा एक सीट मटिहानी जीती है, जहां उसने जदयू को ही हराया है। एकमा से जदयू की सीता देवी राजद के श्रीकांत यादव से करीब 14 हजार वोट से हारीं। यहां पर लोजपा उम्मीदवार कामेश्वर सिंह मुन्ना को करीब 30 हजार वोट मिले। दिनारा से लोजपा उम्मीदवार राजेंद्र सिंह दूसरे स्थान पर रहे और राजद को जीत मिली। यहां जदयू तीसरे नंबर पर चला गया। लोजपा और जदयू का वोट जोड़ दें तो वह राजद को मिले मत से 19 हजार अधिक होता है। रघुनाथपुर में लोजपा और जदयू के वोट जोड़ दें तो वह राजद से नौ हजार अधिक हो जाती है। पर, यह सीट राजद के खाते में गई है। इस्लामपुर से जदयू करीब साढ़े तीन हजार से हारा और वहां पर लोजपा उम्मीदवार को साढ़े आठ हजार से अधिक वोट मिले हैं। अलौली से जदयू को 2773 वोट से राजद ने हराया है और वहां लोजपा को 26 हजार वोट मिले हैं। महाराजगंज में कांग्रेस ने जदयू को 1976 वोट से हराया,जबकि वहां लोजपा को 18 हजार से अधिक वोट मिले। राजापाकड़ से जदयू को 1500 से हार हुई और वहां लोजपा को 24 हजार वोट मिले। इसी प्रकार खगडिय़ा, ओबरा, गायघाट, महनार, चेनारी, जमालपुर, जगदीशपुर, महुआ, दरभंगा ग्रामीण, साहेबपुर कमाल में लोजपा के मिले वोट से कम वोट से जदयू की हार हुई है।