हेयर स्टाइलिस्ट सूरज गोदांबे गिरफ्तार: मिला कोकीन

मुंबई। बॉलिवुड सिलेब्रटीज के हेयर स्टाइलिस्ट सूरज गोदांबे को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने अरेस्ट किया है। गुरुवार को एनसीबी ने सूरज को कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। गोदांबे को कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम के लिए जाना जाता है। बीते कुछ सालों में उन्होंने कई चर्चित फिल्मों में काम किया है। एनसीबी के अधिकारियों ने सूरज गोदांबे को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। सूरज गोदांबे को एनसीबी ने 16 शीशियों के साथ अरेस्ट किया है। प्रत्येक शीशी में करीब 11 ग्राम कोकीन पाया गया है। यह कोकीन उनके घर से ही बरामद किया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि जो मात्रा पाई गई है, वह न तो व्यक्तिगत उपभोग की कैटिगरी में आती है और न ही कमर्शियल क्वान्टिटी है। यह एक इंटरमीडियरी यानी एक-दूसरे से शेयर करने जैसी मात्रा है। एनसीबी के जॉइंट डायरेक्टर समीर वानखेड़े के नेतृत्व में चले ऑपरेशन में सूरज गोदांबे को पकड़ा गया है। गोदांबे को एक ड्रग तस्कर के साथ अरेस्ट किया गया है।