योगी का निर्देश: मई तक बाढ़ नियंत्रण हो पुख्ता

लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में बाढ़ नियंत्रण से सम्बन्धित कार्यों को प्रत्येक दशा में 15 जनवरी, 2021 से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में सभी औपचारिकताएं शीघ्रता से पूर्ण की जाएं। बाढ़ नियंत्रण सम्बन्धी कार्यों को अगले साल मई तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए। मुख्यमंत्री रविवार शाम सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जन-धन हानि को रोकने के लिए त्वरित ढंग से कदम उठाना राज्य सरकार का दायित्व है। इसके सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जानी चाहिए
मुख्यमंत्री ने बिजनौर, मेरठ, बुलन्दशहर में गंगा जी से होने वाली कटान के सम्बन्ध में कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद सहारनपुर में पूर्वी यमुना का अवशेष कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। उन्होंने हमीरपुर को बाढ़ से बचाने के लिए तटबंध बनाने तथा पुराने वाटर रिजर्वायर के संरक्षण के सम्बन्ध में प्रस्ताव बनाकर केन्द्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए।