हार्दिक बनेंगे गुजरात कांग्रेस का चेहरा: कयास

अहमदाबाद। गुजरात में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावडा और विपक्ष के नेता परेश धानाणी ने इस्तीफा दे दिया है। दोनों ने हाल ही में हुए विधानसभा उपचुनाव में 8 सीटों पर मिली हार की जिम्मेदारी लेते हुए यह फैसला लिया है। उपचुनाव में सभी 8 सीटों पर भाजपा को जीत मिली थी। इसके बाद कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष की तलाश शुरू हो गई है, जिसमें गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी प्रमुख हार्दिक पटेल, पूर्व प्रदेश प्रमुख अर्जुन मोढवाडिया और जगदीश ठाकोर का नाम चर्चा में है।
गुजरात में अगले महीने 6 महानगर पालिका, 150 के करीब नगरपालिका और 33 जिला पंचायतों के चुनाव हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो ऐसे में पार्टी में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए हार्दिक पटेल को प्रदेश प्रमुख का दायित्व मिल सकता है।