चंपत राय: करीब 50 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने 14 जनवरी से यानी मकर संक्रांति से जन सहभागिता अभियान शुरू किए जाने का ऐलान किया है। लखनऊ में एक प्रेस कांफ्रेंस को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इसके साथ ही देश भर में सम्पर्क अभियान चलाकर लोगों को श्रीराम जन्मभूमि के बारे में बताया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अयोध्या में राममंदिर निर्माण की तैयारियां जोरों पर हैं। लोगों को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की ऐतिहासिक सच्चाई से अवगत कराने के लिए देश के कोने-कोने में जाकर घर-घर संपर्क किया जाएगा। लोगों को श्रीराम जन्मभूमि के बारे में साहित्य भी दिया जाएगा। इसके साथ ही करोड़ों घरों में भगवान के मंदिर का चित्र भी पहुंचेगा। चंपत राय ने कहा कि 14 जनवरी से शुरू हो रहे अभियान से आमजन के स्वेच्छा से मंदिर निर्माण से जुड़ सकेंगे। अयोध्या में समाज के सहयोग से श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का निर्माण साकार होगा। उन्होंने कहा कि सहभागिता अभियान के तहत घर-घर जा के लोगों से सहयोग मांगने के कार्य के पीछे निहितार्थ यह है कि प्रभु श्री राम के काज से हर एक व्यक्ति को जुडऩे का सौभाग्य प्राप्त हो।
चंपत राय ने कहा कि राम मंदिर गौरव और अस्मिता का मंदिर है। देश गुलामी की निशानियों को हराना चाहता है। देश की आने वाली पीढिय़ां गुलामी की याद न देखें। यह कोशिश है। अभियान के तहत देश के करीब 50 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य है। इस काम में करीब तीन से चार लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। उन्होंने बताया कि मंदिर के वास्तु का दायित्व अहमदाबाद के चंद्रकान्त सोमपुरा जी पर है। वह वर्ष 1986 से जन्मभूमि मंदिर निर्माण की देखभाल कर रहे हैं। इसके साथ ही साथ लार्सन एंड टुब्रो कम्पनी को मंदिर निर्माण का कार्य दिया गया है, जबकि निर्माता कंपनी के सलाहकार के रूप में ट्रस्ट ने टाटा कंसल्टेंट इंजीनियर्स को चुना है। संपूर्ण मंदिर पत्थरों से बनेगा। तीन मंजिला मंदिर में हर मंजिल की ऊंचाई 20 फीट होगी, मंदिर की लंबाई 360 तथा चौड़ाई 235 फीट है। मंदिर का फर्श भूतल से 16.5 फीट ऊंचाई पर बनेगा।