किसानों का सडक़ पर कब्जा: बंद किया एनएच 9

नई दिल्ली। हरियाणा और उत्तर प्रदेश से लगी दिल्ली की सीमाओं पर केन्द्र के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करे रहे किसानों ने कड़ाके की ठंड के बीच सोमवार सुबह एक दिन की क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी। किसान नेताओं के अनुसार प्रदर्शन कर रहे किसान अलग-अलग समूहों में भूख-हड़ताल करेंगे और पहले समूह में 11 लोग होंगे। दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर हजारों की संख्या में किसान बीते करीब चार हफ्ते से प्रदर्शन कर रहे हैं और नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं।किसानों का आंदोलन दिल्ली और एनसीआर के लोगों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। किसानों ने रविवार को ही आंदोलन तेज करने की बात कही थी। सोमवार को किसानों ने दिल्ली से गाजियाबाद जाने वाली सडक़ बंद कर दी। इसके बंद होते ही पुलिस प्रशासन के मुश्किलें बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि एनएच- 9 के सभी लेनों पर किसानों ने कब्जा कर लिया है। अगर यह नहीं खुलता तो दिल्ली से लौटने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। महाराजपुर बॉर्डर पहले से पुलिस वालों ने ही बंद कर रखा है। फिलहाल आनंद विहार की तरफ से गाजियाबाद आने के लिए लोगों को महाराजपुर के बदले आगे कौशाम्बी के रास्ते आने दिया जाता है।