उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड: दिल्ली में टूटा रिकार्ड

नई दिल्ली। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप इस कदर है कि लोगों का जीना मुहाल हो गया है। उत्तर भारत में बीते कई दिनों से सर्दी का प्रकोप जारी है और दिल्ली की ठंड ने तो रविवार को रिकॉर्ड ही तोड़ दिया। दिल्ली में इस मौसम का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी में मौसम की सबसे सर्द सुबह रही और तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा, जम्मू कश्मीर तथा हिमाचल प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया। उत्तर प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी दी गई है और घना कोहरा भी छाया रहेगा। वहीं दिल्ली में बर्फीली हवाओं का कहर जारी रहेगा।