भारत में दुनिया से सबसे ज्यादा रिकवरी रेट

नई दिल्ली। भारत में कोरोना से ठीक होने वाले 1 करोड़ के पार, दुनिया में सबसे ज्यादा रिकवरी रेट कोरोना से जंग में भारत ने एक अहम पड़ाव हासिल किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटों में 19 हजार 587 कोरोना संक्रमित ठीक हो गए हैं जिसके बाद भारत में कोरोने को मात देने वालों की संख्या 1 करोड़ 15 हजार 859 पर पहुंच गई है। कोरोना की रिकवरी रेट के मामले में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है। कोरोना के सक्रिय मामलों और ठीक होने वाले लोगों के बीच फासला लगातार बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अब कोरोना से ठीक हुए मरीजों और सक्रिय मामलों में 97 लाख 88 हजार 776 मरीजों का फर्क है। देश में कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या कोरोना के सक्रिय मामलों से 44 गुणा ज्यादा है। फिलहाल देश में 2 लाख 28 हजार 83 ऐक्टिव केस हैं जो कि कुल मामलों को महज 2.19 प्रतिशत है। मंत्रालय के मुताबिक, ठीक होने वालों में से 51 प्रतिशत लोग महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल के हैं। अब भारत में कोरोना से ठीक होने वालों की दर 96.36 प्रतिशत तक पहुंच गई है। मंत्रालय के मुताबिक, भारत का रिकवरी रेट दुनिया में सबसे ज्यादा है। भारत में रोजाना कोरोना के नए मामलों में भी गिरावट आई है।