किरन बेदी को हटाने की मांग ने पकड़ा जोर

डेस्क। पुडुचेरी में सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेतृत्व वाले सेक्युलर डेमोक्रेटिक एलायंस (एसडीए) ने शुक्रवार को उपराज्यपाल किरण बेदी के खिलाफ चार दिवसीय आंदोलन शुरू कर दिया है। एसडीए ने बेदी पर चुनी हुई सरकार की विकास संबंधी योजनाओं और कल्याणकारी उपायों को लागू करने में अड़चन डालने का आरोप लगया है। मुख्यमंत्री वी. नारायणसामी, पुडुचेरी के एकमात्र लोकसभा सदस्य वी. वैथीलिंगम, कांग्रेस विधायक टी. जयमूर्ति, सीपीआई, सीपीआई (एम) और वीसीके के नेताओं ने भी किरण बेदी के विरोध में आयोजित प्रदर्शन में भाग लिया। हालांकि, एसडीए ने पहले राज निवास (उपराज्यपाल के कार्यालय-सह-निवास) के समक्ष आंदोलन करने का फैसला किया था,। बाद में आयोजन स्थल को मारीमलाई आदिगल सलाई (एक किमी से अधिक दूर) स्थानांतरित कर दिया गया। ऐसा इसलिए किया गया, क्योंकि वहीं अनुमति नहीं दी गई थी। राज निवास और विधानसभा के 500 मीटर के दायरे में आंदोलन को रोकने के लिए एक आदेश जारी किया गया था। सत्तारूढ़ कांग्रेस के एक सहयोगी द्रमुक के नेता और कार्यकर्ता आंदोलन में मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति के कारणों की फिलहाल जानकारी नहीं मिली है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र ने पहले ही केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की थी।