प्लास्टिक कूड़ा निस्तारण: नगर निगम का साथ देंगे अग्रणी ब्रांड

गाजियाबाद। प्लास्टिक कचरे को रीसाइकिल करने के लिए अब केवल नगर निगम को माथापच्ची नहीं करनी पड़ेगी बल्कि अब नगर निगमों को बड़ी ब्रांडेड कंपनियों का भी इस मामले में साथ मिलेगा। मदर डेयरी, कोक, हल्दीराम, बिसलेरी, आदि ब्रांडेड कंपनियां उनके द्वारा भेजी गई प्लास्टिक सामग्री का कचरा एकत्र कर नगर निगम को देंगी। इसके उपरांत नगर निगम की प्रोसेस इकाई ने इस कचरे से रीसाइक्लिंग प्रक्रिया द्वारा कई किस्म के उत्पाद तैयार किए जाएंगे। इसके एवज में यह कंपनियां नगर निगम को पैसों का भुगतान भी किया करेगी। इस संदर्भ में गाजियाबाद नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तोमर द्वारा देश की 15 नामचीन कंपनियों के प्रतिनिधियों से इस सिलसिले में मीटिंग भी की जा चुकी है। नगर निगम कार्यालय सूत्रों ने बताया कि प्रत्येक प्लास्टिक उत्पाद काम मिलाने वाली कंपनियों के लिए प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण स्वयं करना अनिवार्य होता है। अब वे कंपनियां नगर निगम के साथ मिलकर के इस कार्य को सुगमता पूर्वक संपादित कर सकती है। बता दें कि नगर निगम द्वारा 5 जोनों में कूड़ा निस्तारण हेतु संयंत्र लगाए जा रहे हैं । इस कार्य प्रणाली के तहत पीपीपी मॉडल के अंतर्गत कूड़े में से प्लास्टिक कचरे को अलग कर उसे रिसाइकल किया जाएगा । निजी कंपनियां कचरे के निस्तारण पर आ रहे खर्च का भुगतान कर देती हैं। इन कंपनियों का जितने कचरे का निस्तारण नगर निगम द्वारा किया जाएगा उन कंपनियों को उसका सर्टिफिकेट भी नगर निगम द्वारा प्रदान किया जाएगा।