महापंचायत में जयंत बोले: कंगना की फिल्म मत देखो

शामली। कृषि कानूनों के विरोध में शुक्रवार को शामली के भैंसवाल गांव में रालोद की किसान महापंचायत हुई। महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि किसान कभी तिरंगे का अपमान नहीं कर सकता। देश के लिए शहीद होने वाले किसानों के बेटे इसी तिरंगे में लिपटकर घर आते हैं और किसान आंसू बहाने की बजाय गर्व से कहता है कि उसका बेटा शहीद हुआ है।
महापंचायत में उमड़ी भीड़ से जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली अभिनेत्री कंगना रनौत की फिल्म अब मत देखना। कई सेलीब्रेटी सरकार के एजेंडे में शामिल होकर किसानों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभियान चला रहे हैं, जबकि विदेशी भी किसान आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। सरकार इसे देश की बदनामी बता रही है, जबकि देश को दुनियाभर में बदनाम करने का काम खुद सरकार ने दिल्ली के बॉडरों पर पक्की बेरीकेडिंग, इंटरनेट सेवा बंद कर और सडक़ों पर कीले लगवाकर किया है।