गहलोत बोले: मोदी को किसानों की परवाह नहीं

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को संवेदनहीन बताते हुए कहा कि उसे किसानों की परवाह नहीं है।हनुमानगढ़ जिले के पीलीबंगा कस्बे में किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘जब से मोदी सरकार आई है उनकी फासीवादी सोच है वे लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। किसान, मजदूर, आम आदमी दुखी हो गया है। उनकी कथनी और करनी में अंतर है और देश में लोकतंत्र खत्म हो रहा है।’’उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से सरकार में आज जो लोग बैठे हुए हैं उनका ना लोकतंत्र में ना धर्मनिरपेक्षता में, और ना समाजवाद में विश्वास है इसलिये आज हम देख रहे है कि किस प्रकार से 70 दिन से ज्यादा हो गये किसानों को दिल्ली की सीमा पर बैठे हुए। 100 से ज्यादा लोग मारे जा चुके है। सरकार को परवाह ही नहीं है, इतनी संवेदनहीन सरकार।
गहलोत ने कहा, ‘‘हमने कभी सोचा नहीं होगा कि देश में वे लोग आयेंगे जो अन्नदाता से इस प्रकार का व्यवहार करेंगे। उनको किस प्रकार आतंकवादी,खालिस्तानी, आंदोलनजीवी … पता नहीं क्या क्या शब्दों का उपयोग करते है। संसद के अंदर भी संसद के बाहर भी। यह प्रधानमंत्री की गरिमा के खिलाफ है। इस प्रकार के व्यक्तव्य देना प्रधानमंत्री को शोभा नहीं देता है। पूरा मुल्क देख रहा है। वह धीरे धीरे समझ गया है यह नौंटकी चलने वाली नहीं है। कितनी भी नौंटकी कर लो।’’महापंचायत को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और राजस्थान के प्रभारी अजय माकन और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी संबोधित किया।