कांग्रेस का आरोप: बजट में डिफेंस सेक्टर आवंटन काफी कम

नई दिल्ली। कांग्रेस ने रविवार को केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला है। पूर्व रक्षा मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटनी ने आरोप लगाया कि देश जब वर्तमान समय में चीन और पाकिस्तान के साथ टू-फ्रंट वार की स्थिति में है, उस समय केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को महत्व नहीं दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में डिफेंस सेक्टर के लिए किया गया आवंटन काफी कम है और सीमाओं पर मिल रहीं कई चुनौतियों के समय यह देश के साथ एक तरीके का विश्वासघात है। उन्होंने कहा कि गलवान घाटी और पैंगांग सो (झील) से पीछे हटना एवं बफर जोन बनाना सरेंडर है। कांग्रेस नेता एके एंटनी ने प्रेस वार्ता में कहा, ”जब भारत सीमा पर दो मोर्चों पर युद्ध जैसी स्थिति का सामना कर रहा है तो सरकार को सशस्त्र बलों का समर्थन करना चाहिए। चीन बॉर्डर मुख्य तौर पर- पूर्वी लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में इंफ्रास्ट्रक्चर और सैन्य ताकत को बढ़ा रहा है।”