राहुल का वादा: मछुआरों का होगा अलग मंत्रालय

डेस्क। केरल के कोल्लम में मछुआरों की एक सभा को संबोधित करने से पहले कांग्रेस लीडर राहुल गांधी उनके साथ समुद्र में भी गए। नीले रंग की टीशर्ट और पैंट में दिख रहे राहुल गांधी करीब 20 मछुआरों के साथ नाव के जरिए समुद्र में गए। एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वह दिल्ली में मछुआरों की आवाज उठाएंगे। यही नहीं एक बार फिर से राहुल गांधी ने दिल्ली में मछुआरों के लिए अलग से मंत्रालय की अपनी बात दोहराई। कुछ दिन पहले पुडुचेरी में भी उन्होंने ऐसा ही कहा था और इसे लेकर उन पर बीजेपी ने निशाना साधा था। दरअसल केंद्र सरकार ने मत्स्य पालन के लिए पहले से एक मंत्रालय का गठन कर रखा है। इसके मंत्री गिरिराज सिंह हैं। राहुल के बयान पर गिरिराज सिंह ने तंज कसा था।
गिरिराज सिंह के अलावा अमेठी से सांसद और केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने भी निशाना साधा था। वित्त राज्य मंत्रा अनुराग ठाकुर ने भी राहुल गांधी पर उनके इस बयान को लेकर हमला बोला था। हालांकि इसके बाद भी राहुल गांधी ने एक बार फिर से ऐसा ही बयान दिया है। राहुल गांधी ने कोल्लम में सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘जैसे किसान जमीन पर खेती करते हैं, आप समुद्र में खेती करते हैं। दिल्ली में किसानों के लिए मंत्री है, लेकिन आपके लिए नहीं है… पहली चीज जो मैं करना चाहूंगा वह यह कि दिल्ली में आपके लिए भी अलग से मंत्रालय हो। इससे आपके हितों की सुरक्षा की जा सकेगी।’