ठाणे में कोरोना कहर: फिर लगा लॉकडाउन

मुंबई। महाराष्ट्र में कोरोना ने एक बार फिर से साल 2020 की तरह ही 2021 में भी तांडव मचाना शुरू कर दिया है। मुंबई में कोरोना अब कितना तेजी से फैल रहा है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि यहां एक्टिव केसों की संख्या में 89 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यही वजह है कि अब मुंबई और इसके आस-पास के इलाकों में सख्ती बढ़ गई है। बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच अब एक बार फिर से लॉकडाउन की आहट लौट आई है। मुंबई के ठाणे में कोरोना को काबू में करने के लिए प्रशासन ने एक बार फिर से लॉकडाउन को ही अपना हथियार बनाया है और इसने ठाणे के 11 हॉटस्पॉट में लॉकडाउन लागू कर दिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि ठाणे शहर के 11 हॉटस्पॉट में 13 मार्च से 31 मार्च के बीच लॉकडाउन की घोषणा की गई है। ठाणे नगर आयुक्त विपिन शर्मा द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में इन क्षेत्रों में कोरोना के मामलों में वृद्धि के कारण यह निर्णय लिया गया।