पृथ्वी शॉ ने तोड़ा धोनी और विराट कोहली का रिकॉर्ड

नई दिल्ली। विजय हजारे ट्रॉफी में मुंबई के कप्तान पृथ्वी शॉ का बल्ला जमकर बरसा है। 9 मार्च को खेले गए चौथे क्वार्टर फाइनल मैच में उन्होंने नॉटआउट 185 रनों की पारी खेली और मुंबई को आसान जीत दिलाई। विजय हजारे ट्रॉफी 2021 में यह पृथ्वी शॉ का तीसरा शतक है। सौराष्ट्र ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में पांच विकेट पर 284 रन बनाए और जवाब में मुंबई ने 41.5 ओवर में ही एक विकेट गंवाकर 285 रन बनाकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। शॉ ने ताबड़तोड़ नॉटआउट 185 रनों की पारी के साथ ही महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली का सालों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। लिस्ट ए क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय क्रिकेटर अब शॉ बन गए हैं, इससे पहले यह रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज था। 2005 में श्रीलंका के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए धोनी ने नॉटआउट 183 रनों की पारी खेली थी, वहीं 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 183 रन बनाए थे। शॉ ने अब इन दोनों को पीछे छोड़ दिया है।